Wednesday, April 20, 2016

दिन किस क़दर ख़राब चल रहें हैं इसका अंदाज़ा इसी बात से चलता है की इतनी बड़ी दिल्ली में चार साल पहले हुए ज़िन्दगी के पहले (अब तक आख़िरी भी) प्रेम की पूर्व प्रेमिका को नए प्रेम के लिए लड़का मेरे ही मोहल्ले का मिला।
आज शाम को ऑफिस से वापसी के समय सब्ज़ी की दूकान पर चार साल बाद टकरा गईं मोहतरमा।
मुझे कोई सेकेण्ड का दसवाँ और उन्हें पाँचवा हिस्सा लगा होगा एक दूसरे को पहचानने में।
पर क्योंकि मैंने उनसे सेकेण्ड का पाँचवा हिस्सा कम लिया था सो पहल मैंने ही की बातचीत की और अचानक से पूछ बैठा ...
"क्या ले रही हो ? सब्ज़ी..!"
शर्मा जी : ज़ाहिर है...सब्ज़ी की दुकान पे दूध दही तो लूँगी नहीं।
आलोक तुम्हें पता है तुम अब भी पहले जितनी ही सिली बातेँ करते हो। कोई प्रोग्रेस दिख नहीं रही तुममें।
मैंने मन ही मन सोंचा की प्रोग्रेस तो तुममें भी नहीं दिख रही बेटा...अब भी वैसी ही ज़हरीली बातें करती हो। tongue emoticon
खैर शुरुवाती दुआ सलाम के बाद मैडम ने बताया की उनके प्रेमी महोदय भी यही dda फ्लैट्स में रहतें हैं और साथ ही दिसम्बर में अपनी शादी में आने का निमंत्रण भी दे दिया।
अल्लाह कसम सोसाईटी गेट पर बना वो गैरकानूनी शनि देव का मंदिर याद गया कुछ देर को तो।
ज़रा सोचिए ...अपनी ही पूर्व प्रेमिका की शादी में लड़की वालों की तरफ़ से निमंत्रण। ऊपर से वीकेंड था तो बॉस ने एडवांस में ही शाम को "खाने पीने" का डोस दे रखा था।
भगवान् किसी को ऐसे भी बुरे दिन ना दिखाये।

वैसे मुझे नहीं लगता की किसी लड़की के लिए अपने पुराने प्रेमी को सदमें में देखने से बेहतर नज़ारा और कोई होता होगा।
सो शर्मा जी भी मेरे चेहरे पर उड़ती हुई हवाइयाँ देख़ अपने कलेजे को ठंडक ला रहीं थीं।
वैसे पिछले कुछ दिनों से रोज़ाना तौर पे हो रही मलामत ने निसंदेह मेरी ज़लालत झेलने की ताक़त में इज़ाफ़ा किया है वरना ये जानते हुए भी की अब तक की गयी बेइज़्ज़ती तो सिर्फ़ ट्रेलर था मैं पूरी फ़िल्म देखने को वहाँ रुकने को राज़ी नहीं होता।
खैर ...फ़िल्म कोई 15मिनट चली ।
मोहतरमा ने मुझे मारा कम घसीटा ज्यादा इस दरमियाँ ....मैंने भी वही किया जो आज कल अक्सर करता हूँ ...चुप रहा। और सब सुना।

अपने ज़हर बुझे तीरों का मुर्दे पर ख़ास असर न होता देख मोहतरमा ने नए सिरे से क़ब्र खोदने का प्लान बनाया और कल शाम को अपने प्रेमी महोदय के फ्लैट पे दावत को बुलाया है।

अब शर्मा जी मैं आपके अपनी सुविधानुसार गढ़े गए इल्जामो पर कोई सफ़ाई तो नहीं दे सकता पर हाँ एक आऱोप जो आपका था की मेरे माज़ी के फुट प्रिंट में आपका कहीं निशां नहीं है।
बकौल आपके " तुमनेँ एक फ़ोटो तक सलामत नहीं रखी ब्रेकअप के बाद फेसबुक पे"
ये गिला आपका दूर कर देता हूँ।
इस तस्वीर के साथ।

वैसे दिन अच्छे थें वो।
वैसे भी यादें अच्छी होतीं हैं क्योंकि हम अच्छी यादों को ही याद रखतें हैं शर्मा जी।

Tuesday, January 20, 2015

नास्तिकता की तरफ़

6 November 2012 at 20:56
आज पूरे २० दिन हो गए ''माँ वैष्णोदेवी की यात्रा को ''...मंदिर की चढ़ाई मुझे थोडा समय ज्यादा लगा.. जिसका कारण मुझे मेरी सिगरेट की आदत और मेरे मित्र महोदय को ''मेरी आस्था '' लग रही थी.. वापसी में तो हाल और भी बेहाल था ..१६ मील की यात्रा और ''देवी की सुरक्षा'' में लगे १६०० भारतीय सेना के जवानों को देख मै और भी ज्यादा ''हताहत' हो गया था.. लेकिन मेरे मित्र महोदय मुझे हर चार कदम की दूरी पर ये याद दिला रहे थे की ये जो भी ''दर्द वरद'' है सब सुबह तक ''छूमंतर हो जायेगा ...माता रानी के आशीर्वाद से ...खैर किसी तरह रेंगते रेंगते होटल के रूम में पंहुचा .... अगले दिन धर्मशाला के लिए निकलना था और हालत पस्त थी .. फिर भी मित्र मेरे मुझे याद दिला रहे थे की ये दर्द आज रात भर का ही है और मै मन ही मन सोच रहा था की दो चार पैग मिल जाये अभी तो घंटे भर का ही है .. .. तीन हफ्ते बीत गए है और आज भी दाहिने पैर डा दर्द ज्यो का त्यों बना हुआ है ... हाल ही में हुई बातचीत में मैंने उनको अपनी पीड़ा से अवगत कराया .. और पुछा की क्यों ''देवी माँ '' की कृपा से मै अभी भी वंचित हु ??? .... उनका सीधा जवाब था .. '' और कहो की ये सब फ़िज़ूल का मेला है ... भगवान् तो हमारे अन्दर ही है तो यहाँ आने की क्या जरुरत है .. धर्म इंसान को अँधा बनाता है ...अब भुगतो ...''.. और भी बहुत कुछ सुनाया उन्होंने मेरा ही कहा हुआ .. '' :)

अब मुझे सच में अपनी गलती का एहसास हो रहा है ....अब मुझे यकीन हो गया भी भगवान् भी उन्ही की ''सुनता '' है जो उसकी सुनते है ... मुझे भी सुनना चाहिए था .. पर क्या करू देवी माँ की ''पहरेदारी'' पर बैठे उस पण्डे ने दो चार सेकेंड का ही समय दिया था ... पर अब मुझे अपनी गलती का एहसास हो गया है और '' ज़ोर से बोलो ...जय माता दी .. '' के उद्घोष के साथ मै पूरी तरह आस्वस्त हु की आज शाम तक .. या ''सेफ साईड'' लेते हुए कल सुबह तक मेरा दर्द जरुर ठीक हो जायेगा ....नहीं हुआ तो क्या ?? के बारे में मै बिलकुल भी नहीं सोच रहा ...

वैसे जेहन में यात्रा के दौरान मिली उस पांच साल की बच्ची (जो मानसिक रूप से कमज़ोर लग रही पर अच्छे घर से जान प्रतीत हो रही थी क्युकी उसके पापा ने एक आदमी कर रखा था हज़ार बारह सौ देकर जो उसे ''सामान '' की तरह कंधो पर लादे हुए माता रानी के दर्शन को ले जा रहा था ) का चेहरा अभी भी ताज़ा है ... बड़ी प्यारी बच्ची थी . मै उसे देख मुस्कुराया पर उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी ... वापस आते समय भी मिली वो .. मै फिर से  मुस्कुराया उसे देख कर .. इस बार मै आशावान था...भगवान् को लेकर ..उसकी 'तथाकथित' दरयादिली को लेकर... .ठीक उसी तरह जैसे 2006 की सर्दियों में AIIMS के कैंसर वार्ड में माँ के पैरो के पास बैठ कर '' भगवान् के प्रति '' आशावान हुआ करता था .... पर इस बार भी वो पहले की ही तरह विचारशून्य थी ... क्या करे बेचारी गूंगी बहरी भी थी शायद ... शायद  इसलिए भगवान् को ''सुन'' नहीं पाई होगी ....

... खैर अपना अपना भाग्य.

जय माता दी ...